प्रतिक्रिया / अपने कद और टैलेंट का मजाक उड़ाए जाने पर भड़कीं नेहा कक्कड़, गौरव गेरा और कीकू शारदा को सुनाई खरी-खोटी
Dainik Bhaskar
Dec 05, 2019, 04:36 PM IST
टीवी डेस्क. सिंगर नेहा कक्कड़ और उनके भाई टोनी ने ताजा एक्ट में नेहा का मजाक उड़ाने पर कॉमेडियन गौरव गेरा और कीकू शारदा को जमकर लताड़ लगाई है। दरअसल, दोनों कॉमेडियंस ने अपने एक शो में नेहा के नाम से मिलता-जिलता किरदार (नेहा शक्कर) लाकर उनके, शक्ल और गायकी का मजाक उड़ाया है। नेहा के सॉन्ग 'दो पैग मार' का इस्तेमाल भी वीडियो में किया गया है। इसे लेकर सिंगर ने इंस्टा स्टोरी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है, "इस तरह का नेगेटिव और अपमानजनक कंटेंट बनाने के लिए इन लोगों पर लानत है।"
मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करो: नेहा
नेहा ने आगे लिखा है, "लोग जानते हैं कि मैं कॉमेडी की कितनी सराहना करती हूं। लेकिन यह हास्यास्पद है। मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करो। अगर मुझसे इतनी नफरत है तो मेरे गानों पर एन्जॉय, डांस या एक्टिंग करना बंद कर दो। नमकहराम लोग।"

नेहा ने अगली स्लाइड में लिखा है, "इतना ज्यादा एन्जॉय करते हो मेरे सॉन्ग्स पे। आप वाकई बहुत अच्छा वक्त बिताते हो। मेरे गानों पर खूब पार्टी करते हो। अपने ब्वॉयफ्रेंड- गर्लफ्रेंड को मेरे गाने सुनाते हो। उसके बाद भी इतना बुरा लिखते हो मेरे लिए। शर्म नहीं आती? हमें उन लोगों का शुक्रगुजार होना चाहिए, जिनकी वजह से हम खुश होते हैं। अन्यथा आजकल खुशियां कितनी मुश्किल से मिलती हैं। हमें आर्टिस्ट्स का शुक्रगुजार होना चाहिए, जिनकी वजह से अच्छा वक्त और खुशियां नसीब होती हैं और मेरे हर गाने पे एन्जॉय करने के बाद फिर ये सब? तकलीफ हुई। लेकिन दूसरी ओर मैं अपने #Nehearts (फैन्स) और समर्थकों की आभारी हूं।"


नेहा ने अपनी इंस्टाग्राम नोट में लिखा , "चूंकि मैं ज्यादा नेगेटिव वातावरण में नहीं रह सकती। इसलिए जो हुआ, उसे भूल जाइए। मेरे सभी #NeHearts इसे भूलकर आगे बढ़िए। उन्हें माफ कर दो। भगवान देख रहा है, उसे जो करना होगा, वो करेगा। हम उन्हें सजा देने वाले कोई नहीं होते।" इस नोट के कैप्शन में नेहा ने लिखा है, "मैं खुश्किसम्त हूं कि मेरे पास बड़ी संख्या में आप जैसे लोग हैं। आपको अपनी आखिरी सांस तक प्यार करती रहूंगी, सम्मान करती रहूंगी मेरे #Nehearts और शुक्रिया मेरे लिए इतना प्यारा हैशटैग बनाने के लिए। #NehuHappyNeHeartsHappy".
टोनी ने वीडियो शेयर कर लिखी इमोशनल पोस्ट
नेहा के भाई टोनी कक्कड़ ने शो की वीडियो क्लिप शेयर करते बहन का सपोर्ट किया है और इमोशनल नोट लिखा है। उन्होंने लिखा है, "दिल टूट गया। आप एक छोटे शहर की उस लड़की को ऐसे सम्मान देते हैं, जिसने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष कर अपने दम पर सब कुछ हासिल किया। छोटे कद की वजह से मेरी बहन ने काफी कुछ सहा है। क्या आपको अहसास है कि उस इंसान पर क्या बीतती है, जिसका मजाक उसके कद और शरीर के आकार की वजह से उड़ाया जाता है।"
टोनी आगे लिखते हैं, "हमें भगवान ने जैसा बनाया, क्या कभी आप उसका मजाक उड़ाना बंद करेंगे। आप सिर्फ उसके (नेहा) टैलेंट के बारे में गलत बातें नहीं कर रहे, बल्कि यह सब बकवास कर उसके करियर को भी नुकसान पहुंचा रहे हो। जिन्हें संगीत की ज्यादा समझ नहीं है, वे नेशनल टीवी पर आपके द्वारा कही गई बातों पर आसानी से भरोसा कर लेंगे। तथ्य यह है कि अनायास ही कोई भी नंबर 1 नहीं बन जाता, वह भी ऐसे देश में जिसकी आबादी 1.3 अरब है।"
Post a Comment