Header Ads

उन्नाव दुष्कर्म केस / 90% जली पीड़ित दिल्ली के अस्पताल में वेंटिलेटर पर, डॉक्टरों ने कहा- बचने की संभावना बहुत कम

उन्नाव दुष्कर्म केस / 90% जली पीड़ित दिल्ली के अस्पताल में वेंटिलेटर पर, डॉक्टरों ने कहा- बचने की संभावना बहुत कम

गुरुवार शाम पीड़िता को दिल्ली ले जाया गया। -फाइलगुरुवार शाम पीड़िता को दिल्ली ले जाया गया। -फाइल

  • उन्नाव की पीड़ित को गुरुवार शाम लखनऊ से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया
  • 3 दिसंबर को जमानत पर छूटे आरोपियों ने गुरुवार तड़के लड़की को जला दिया था, 5 गिरफ्तार

Dainik Bhaskar

Dec 06, 2019, 05:17 PM IST
नई दिल्ली/लखनऊ. उत्तर प्रदेश के उन्नाव में जमानत पर छूटे सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों ने पीड़ित लड़की को जला दिया था। इसके बाद गुरुवार को उसे इलाज के लिए लखनऊ से दिल्ली लाया गया। राजधानी के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती पीड़ित की हालत बेहद नाजुक है, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। शुक्रवार को अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर सुनील गुप्ता ने कहा कि हमारी ओर से हर संभव कोशिश की जा रही है, लेकिन उसके बचने की संभावना बहुत कम है। वह 90% जल चुकी है।
बहन पहुंची अस्पताल, पीड़ित की हालत देख रो पड़ी
पीड़ित की बड़ी बहन अपनी मां के साथ दोपहर बाद लखनऊ से सफदरजंग अस्पताल पहुंची। उसने दैनिक भास्कर को बताया कि पीड़ित की तबियत बहुत ठीक नहीं है। दवा चल रही है। शरीर पर दवाएं लगाई गई हैं। वह कुछ बोल भी नहीं पा रही है। किसी से बात नहीं कर रही। इतना कहकर बहन भावुक हो गई और रोने लगी। उसने बताया कि मैं लाउंज में बैठी हूं जबकि मां और भाई पीड़ित के साथ वार्ड में हैं।
भाई से पीड़ित ने लिया वादा- मेरे गुनहगारों को मत छोड़ना
गुरुवार शाम जब पीड़ित दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट की गई थी तो वह होश में थी। दर्द से कराहते हुए उसने अपने भाई से पूछा- मैं बच तो जाऊंगी न? मैं मरना नहीं चाहती हूं। पीड़िता ने अपने भाई से वादा भी लिया कि, उसके गुनहगारों को मत छोड़ना। हालांकि, उसके बाद वह कुछ बोल नहीं पा रही है। हालत बेहद नाजुक बनी है। अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर सुनील ने भी बताया कि, पीड़िता एक ही बात बार-बार दोहरा रही थी कि, मैं बच तो जाऊंगी न? मैं मरना नहीं चाहती हूं।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा था कि मैं पीड़ित को देखकर डर गया था
पीड़ित को जिंदा जलाने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी रविन्द्र ने बताया था कि पीड़ित दूर से दौड़ती आ रही थी। वह चीख रही थी बचाओ-बचाओ। मैंने उसकी आवाज सुनकर पूछा भी कि तुम कौन हो? उसके पूरे शरीर में आग लगी हुई थी। उसे देखकर मैं डर गया। मुझे लगा कि कोई भूत है। मैं घर से डंडा और कुल्हाड़ी लेकर उसके सामने गया। फिर उसने अपने पिता का नाम बताया। फिर पुलिस हेल्पलाइन डायल कर पीड़ित के बारे में बताया। पीड़ित ने पुलिस को पूरी बात बताई, फिर पुलिस उसे लेकर गई।
कोर्ट के आदेश पर मार्च 2018 में केस दर्ज हुआ था
  • लड़की को उसी के गांव के आरोपी शिवम ने शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया था। उसने दुष्कर्म के वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और मानसिक तौर पर यातनाएं दीं। परेशान होकर लड़की अपनी बुआ के घर रायबरेली चली गई। शिवम ने यहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और हथियारों के दम पर सामूहिक दुष्कर्म किया था।
  • इसके बाद 5 मार्च, 2018 को परिवार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म के दो आरोपियों शिवम और शुभम को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दोनों 3 दिसंबर को जमानत पर बाहर आए तो लड़की को जला दिया। पुलिस ने शिवम, उसके पिता रामकिशोर, शुभम, हरिशंकर और उमेश बाजपेयी को गिरफ्तार किया है।

No comments

Powered by Blogger.